
तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में बिजली कंपनी के द्वारा मीटर बदलने को लेकर बवाल का क्रम जारी है। विगत दिनों नथाणियों के सराय में हंगामा होने के बाद शनिवार को फिर शहर के सुभाषपुरा इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। यहां बिजली मीटर बदलने पहुंची बीकेईएसएल की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कंपनी कर्मचारियों और मोहल्लेवासियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल गर्मा गया। बताया जा रहा है कि बीकेईएसएल की टीम पुराने मीटर बदलने के लिए क्षेत्र में पहुंची थी,लेकिन भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को लेकर लोगों ने इस पर रोष जताया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कंपनी बिना पूर्व सूचना के मीटर बदल रही है,जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी हो रही है।विरोध बढऩे पर कंपनी कर्मचारियों और भाजपा नेता श्याम सिंह हाडलां के बीच कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची,जहां लोगों ने पुलिस के सामने भी अपनी नाराजगी जताई और बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर बहस की।भाजपा नेता श्याम सिंह हाडला ने भी बिजली कंपनी पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की कार्रवाई से आमजन को दिक्कत हो रही है और पहले उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। हालांकि क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
भाजपा नेता ने बजाएं लठ
शहर में विकास की भागीदारी के दावे करने वाले जनप्रतिनिधि ही कानून अपने हाथ में ले ले। तो फिर आम आदमी की बात क्या करे। इस दौरान भाजपा नेता श्याम सिंह हाड़ला ने कंपनी के कार्मिकों को वहां से भगाने की नीयत से लठ हाथ में लिया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं। लोग इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि सत्ता पक्ष के लोग भी सत्ता के नशे में चूर होकर इस तरह की हरकतों पर उतारू हो गए। आक्रोशित हाडलां पुलिस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तुम्हारी नाक के नीचे नशा बिकता है। बार बार लठ बचाते हुए कहा कि पूरे बीकानेर के युवा खराब हो रहा है और तुम निजी बिजली कंपनी के साथ मुंह उठाकर आ गये।
