तहलका न्यूज,बीकानेर। एक माह की नहर बंदी खत्म होने के बाद भी आमजन को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है।जिसके कारण उनके सब्र का बांध अब टूटने लगा है।नियमित जलापूर्ति की घोषणा के उपरान्त भी पानी नहीं मिलने से नाराज ब्रह्मपुरी चौक व चूनगरान मोहल्ले के वांशिदे नत्थूसर गेट टंकी पर पहुंचे। आरोप था कि प्रशासन की ओर से नियमित जलापूर्ति की बातें की जा रही है।परन्तु उनके मोहल्लों मेें अभी भी पानी की सप्लाई नहीं हो रही है।इस वजह से न तो पीने का पानी मुहैया हो रहा है और न नहाने के लिये।ऐसे में इस तपती गर्मी में जीना मुहाल हो रखा है।जब इस बारे में अधिकारियों को फोन करते है तो वे फोन नहीं उठाते। शुक्रवार को उनका गुस्सा टंकी स्थिति कार्यालय पर फूटा। एकत्रित लोगों ने उपस्थित कार्मिक को खरी खोटी सुनाई।साथ ही कार्यालय पर ताला जड़कर बैठ गये। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उपस्थिति रजिस्ट्रर में कार्मिक के नाम लिखे है।परन्तु वे ड्यूटी पर मौजूद नहीं है। आक्रोशित लोगों ने एक घंटे नियमित पानी की सप्लाई देने की मांग की। इस दौरान नयाशहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जिन्होंने लोगों से समझाईश भी की।

मॉनिटरिंग का अभाव
नहरबंदी के बाद प्रशासन की ओर से नियमित सप्लाई की बात कहे दो दिन हो रहे है और अब भी अनेक मोहल्लों में पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है। सुबह का पानी देर रात तक आने से आमजन परेशान है। दिनभर कामकाज कर घर पर आराम करने की बजाय रात 12 बजे पानी आने की मशक्कत से भी आमजन को जुझना पड़ रहा है। ऐसे कई मोहल्ले है जहां देर रात पानी की सप्लाई की जाती है। तो कही दोपहर में। ऐसे में लोगों का समय तो पानी के इंतजार में ही निकल रहा है। हकीकत तो यह है कि जिम्मेदार अभियंता न तो सुनवाई कर रहे है और न फोन उठा रहे है।