तहलका न्यूज,बीकानेर। अब सिर्फ अपराध नहीं,बल्कि अपराधियों की अवैध कमाई पर भी पुलिस ने सीधा वार शुरू कर दिया है। जिले में अपराधियों की आर्थिक कमर तोडऩे के लिए पुलिस ने नया एक्शन प्लान लागू किया है,जिसके तहत हिस्ट्रीशीटरों के गैरकानूनी धंधों और आय के स्रोतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी कड़ी में शुक्रवार को बीकानेर पुलिस ने 34 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर नगरासर निवासी प्रदीप कुमार गोदारा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध पानी कारोबार पर शिकंजा कसा। आरोपी ने महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी के पास से गुजर रही पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन कर रखा था और टैंकरों के जरिए पानी बेचकर मोटी कमाई कर रहा था।
काट दिया अवैध कनेक्शन
कार्रवाई के दौरान पुलिस और पीएचईडी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से खुदाई कर अवैध पाइप लाइन को काट दिया। मौके पर पीएचईडी के एईएन योगेंद्र कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल का माहौल बना रहा।सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि अब पुलिस अपराधियों को सिर्फ जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि उनके गैरकानूनी नेटवर्क और अवैध कमाई के रास्तों को भी खत्म किया जाएगा।पूरी कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। बीकानेर पुलिस के इस अभियान को अपराधियों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है कि अब अपराध की दुनिया के साथ-साथ उसकी कमाई की जड़ भी निशाने पर रहेगी।
