तहलका न्यूज,बीकानेर।जयपुर रोड स्थित एक होटल में घुसकर होटल कारोबारी और कर्मचारियों के साथ मारपीट तथा जानलेवा हमले के मामले में चार साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सांवतसर निवासी सुरेंद्रपाल विश्नोई (30) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस आरोपी से अलग-अलग मामलों में पूछताछ कर रही है।5 मई 2022 को होटल व्यवसायी सुभाष लेघा ने जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि कुछ लोगों ने होटल में घुसकर होटल संचालक और कर्मचारियों पर हमला किया और होटल में तोडफ़ोड़ की। घटना में कई लोगों को चोटें आई थीं।मामले में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई थीं।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था,लेकिन एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था।जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जेएनवीसी थाना और डीएसटी टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी की कार्रवाई जेएनवीसी थानाधिकारी के नेतृत्व में डीएसटी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
