bajju

तहलका न्यूज,बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के गुर्गे को इंडियन सिम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।जयपुर की एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉयड के सूत्रों के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव का रहने वाला अनिल कुमार (22) लंबे समय से आतंकी के संपर्क में रहा। उसने 17 जुलाई को इंडियन सिम को पाकिस्तान में एक्टिवेट करने से लिए वन टाइम पासवर्ड आतंकी के साथ शेयर किया था।इसके बाद एटीएस की टीम ने 18 जुलाई को उसे घर से हिरासत में ले लिया। एक दिन पूछताछ के बाद उसे 19 जुलाई को लोकल पुलिस को सौंप दिया।इसके बाद उसे गिरफ्तार किया है।

18 जुलाई को घर पहुंचे थे कुछ लोग
पिता ने बताया कि उनका परिवार चक 3 जीएम (घेरा माइनर) की एक ढाणी में रहता है।18 जुलाई को सादा कपड़ों में दो लोग घर आए और खुद को ईडी का अधिकारी बताया।अनिल मेरे और बहन के साथ खेत में काम कर रहा था। दोनों ने कहा कि जांच में अनिल का नाम आया है और उससे कुछ पूछताछ करनी है। इसके बाद उन्होंने घर में ही करीब तीन से चार घंटे तक अनिल से अकेले में पूछताछ की।

बीकानेर में चाय बेचता था,फिर मुंबई चला गया
पिता के अनुसार,अनिल आठवीं क्लास तक पढ़ा है।बीकानेर के एक सरकारी अस्पताल में वह चाय बेचने का काम करता था,लेकिन कम उम्र होने के कारण एक डॉक्टर ने उसे पकड़कर नयाशहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया था।इसके बाद वह करीब तीन साल पहले मुंबई चला गया,जहां लकड़ी के काम से जुड़ गया। संभव है मुंबई में काम करने के दौरान ही अनिल किसी गलत इंसान के संपर्क में आया हो।

कौन है कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी?
जिस नेटवर्क से अनिल के तार जुड़े हैं,उसका सरगना शहजाद भट्टी पाकिस्तान का एक कुख्यात गैंगस्टर है।भट्टी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के पास कई संवेदनशील जानकारियां हैं।शहजाद भट्टी इस समय दुबई में रहकर अपना नेटवर्क चलाता है और वह पाकिस्तान के बड़े माफिया फारुख खोखर का राइट हैंड माना जाता है।भट्टी का आपराधिक और आतंकी नेटवर्क पाकिस्तान, दुबई, अमेरिका और कनाडा तक फैला हुआ है।शुरुआती जांच के मुताबिक,इस गैंग के संबंध कई आतंकवादी संगठनों से भी जुड़े पाए गए हैं।शहजाद भट्टी वर्ष 2024 में मशहूर बॉलीवुड अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी नेता मिथुन चक्रवर्ती को धमकी देने के बाद भारतीय एजेंसियों के रडार पर आया था।

पाकिस्तान में एक्टिव है सिम
पुलिस के अनुसार ये सिम अब भी पाकिस्तान में एक्टिव है।सुरक्षा एजेंसियों सिम के एक्टिवेशन से अब तक उसके हर डेटा की जांच कर रही है।आरोपी ने पूछताछ में एटीएस और पुलिस को सिम खरीदने और उसके एक्टिवेशन के प्रोसेस को लेकर कई जानकारियां शेयर की है।फिलहाल आरोपी के मोबाइल और उसकी आईडी से एक्टिव दूसरे कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।जांच एजेंसियों के रडार पर कई और लोकल युवा हैं जिनके पाकिस्तानी आंतकी शहजाद भट्‌टी के कॉन्टैक्ट में आने की आशंका है।

देशविरोधी गतिविधि में शामिल होने का आरोप
बज्जू थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि अब तक जांच में सामने आया है कि भट्टी गैंग के आतंकी उज्जेर ने ही अनिल से कॉन्टैक्ट किया था।उसे अपनी बातों में फंसाकर सिम हासिल कर ली।इसके बाद उससे ओटीपी भी ले लिया। पुलिस का कहना है कि इस सिम का पाकिस्तान में किसी भी तरह के गलत इस्तेमाल की आशंका है। फिलहाल अनिल गिरफ्तार है।देशविरोध गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है।