तहलका न्यूज,बीकानेर।आमतौर पर सड़क चलते राहगीर से तो लूट खसोट की वारदातें अब तक सामने आई है।लेकिन अब रेलवे स्टेशन की पटरियों पर भी लूट की वारदात का एक मामला प्रकाश में आया है।जिसमें रेलवे स्टेशन पर मटका गली के पास रेलवे पटरियां पार करते समय एक युवक को दो बदमाशों ने घेर लिया और लूट की कोशिश की।आरोपियों ने युवक से बैग,मोबाइल और पर्स छीनने का प्रयास किया।इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई।एक आरोपी ने ईंट से युवक के सिर वार करने का प्रयास किया।लेकिन युवक के चिल्लाने पर भीड़ जमा होने से दोनों युवक भाग खड़े हुए।घटना का विडियो भी सामने आया है।

शोर मचाया तो मदद के लिए दौड़े लोग
युवक को बचाने पहुंचे खिदमतगार सोसायटी के शोएब और राजकुमार खडग़ावत ने बताया कि घटना के दौरान युवक ने शोर मचाकर मदद के लिए गुहार लगाई।उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े।खिदमतगार सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्य भी वहां पहुंच गए।लोगों की भीड़ को आता देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था सुमित
बताया जा रहा है कि शिक्षा निदेशालय की कैंटीन में काम करने वाला युवक सुमित पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था।वह फ्रूट लेने के लिए जा रहा था और इसी दौरान रेलवे पटरियां पार कर रहा था।पटरियों के आसपास सुनसान जगह देखकर दो युवकों ने उसे घेर लिया और उसका सामान छीनने का प्रयास किया।

ईंट से सिर पर वार करने की कोशिश
शोएब के अनुसार आरोपियों ने युवक को डराने-धमकाने के साथ उसके साथ मारपीट की।इसी दौरान एक आरोपी ने ईंट उठाकर युवक के सिर पर वार करने की कोशिश की।युवक ने किसी तरह शोर मचाया।आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए।

रेलवे पटरियों के आसपास सुरक्षा पर उठे सवाल
मटका गली और रेलवे पटरियों के आसपास लूट की इस कोशिश के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।लोगों ने रेलवे पटरियों के आसपास पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत बताई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान हिस्सों में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी के कारण यात्रियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।लोगों ने पुलिस से रेलवे पटरियों और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।