तहलका न्यूज,बीकानेर।जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थाना पुलिस ने कार्रवाई कर एक युवक को एमडी सहित गिरफ्तार किया।थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में टीम ने अशोक पुत्र भंवरलाल,निवासी चौधरी कॉलोनी,हाल रानी बाजार,राजस्थान नर्सिंग होम के पास को पकड़ा।तलाशी में उसके पास से 34 ग्राम एमडी प्लास्टिक की पन्नी में बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।पुलिस अब इस एमडी की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने 5000 रुपए के इनामी बदमाश को पकड़ा
जिले के रणजीतपुरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आठ महीनने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश विकास बेटा ईम्मीलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया है।विकास बज्जू खालसा का निवासी है और बज्जू पुलिस थाने में दर्ज एक प्रकरण में मौके से फरार हो गया था।यह थानाधिकारी जगदीशसिंह ने बताया कि पुलिस थाना बज्जू में 12 नवंबर 2025 को प्रकरण संख्या 195, धारा 8/15, 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।इस मामले में बज्जू खालसा निवासी विकास घटनास्थल से फरार हो गया था। बाद में इस प्रकरण की जांच रणजीतपुरा पुलिस थाने के थानाधिकारी को सौंपा गया था।वांछित बदमाश विकास की गिरफ्तारी के लिए बीकानेर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 मई को आदेश क्रमांक बीका/पु.अ.का./एम.ओ.बी./26/2525-533 के तहत 5 हजार रुपए के नकद इनाम की घोषणा की गई थी।यह इनाम आरोपी की गिरफ्तारी या उसके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए था।इनाम की घोषणा के बाद,रणजीतपुरा थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए खुफिया जानकारी जुटाना और लगातार निगरानी करना शुरू किया।पुलिस टीम को आपसी समन्वय से आरोपी के थाना क्षेत्र गौड़ू में छिपे होने की सूचना मिली।इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाश के ठिकाने पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के बाद विकास को गिरफ्तार कर लिया गया।इस कार्रवाई में रणजीतपुरा थानाधिकारी जगदीशसिंह के साथ कास्टेबल मोबताराम और मोडाराम शामिल थे।पुलिस ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
40.17 ग्राम अफीम बरामद, तीन गिरफ्तार
जिले के देशनोक पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस ने बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो से 40.17 ग्राम अवैध अफीम बरामद की और वाहन में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।वाहन को भी जब्त कर लिया गया।पुलिस के ‘नीलकंठ अभियान’ के तहत क्षेत्र में लगातार नाकाबंदी और ढाबों व संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो को रुकवाकर उसकी तलाशी ली,जिसमें यह अवैध अफीम मिली।पुलिस ने इस मामले में सुनील पुत्र शंकरलाल बिश्नोई,मांगीलाल पुत्र मालाराम बिश्नोई और कैलाश पुत्र भंवरलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी फलोदी जिले के भोजासर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इसके सप्लाई नेटवर्क को लेकर जांच शुरू कर दी है।यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था,इस संबंध में पूछताछ जारी है।मामले में अग्रिम अनुसंधान जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी कर रहे हैं।यह कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में देशनोक पुलिस द्वारा अंजाम दी गई।
