तहलका न्यूज,बीकानेर।नशे के खिलाफ जिला पुलिस की ओर से चलाएं जा रहे नीलकंठ ऑपरेशन के साथ अब पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में महिला सुरक्षा के लिए विशेष रूप से गठित ‘कालिका यूनिट ने ऑपरेशन डिकॉय के तहत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं के साथ बदसलूकी अथवा छेड़छाड़ करने वाले 6 मनचलों को गिरफ्तार किया ।
सादे वस्त्रों में बिछाया जाल
बताया जा रहा है कि महिलाओं के साथ छींटाकशी या छेड़छाड़ की शिकायतें मिल रही थीं।जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन और महिला पेट्रोलिंग यूनिट प्रभारी रेणुबाला के नेतृत्व में जिन स्थानों से ऐसी शिकायतें आ रही थी वहाँ कालिका यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात किया गया। स्कूलों,कॉलेजों और बाजारों में सादे कपड़ों में रहकर टीम ने मनचलों को रंगे हाथों दबोचा और उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्यवाही की।
महिलाओं में सुरक्षा का भाव मुख्य उद्देश्य
महिला पेट्रोलिंग यूनिट प्रभारी रेणुबाला ने बताया कि इस यूनिट का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा करना और सार्वजनिक स्थानों पर उनके लिए एक निर्भीक माहौल तैयार करना है।भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त की जा रही है।महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।शहर के शिक्षण संस्थानों,बस स्टैंडों और पार्कों में कालिका यूनिट द्वारा नियमित रूप से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इन महिला पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम तक पहुँचाने में कालिका यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों सुमन,सोना,गीता,यशोदा,मनेश,अंशु बाई,कौशल्या और प्रमिला ने सक्रिय भूमिका निभाई।
