तहलका न्यूज,बीकानेर।संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में निर्मित100 करोड़ लागत की नई मेडिसिन विंग का उद्घाटन 14 अगस्त को दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर कमलों से होगा।इसको लेकर बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी पी पच्चीसिया ने जयपुर में मुख्यमंत्री को इसका आमंत्रण दिया। इस दौरान सचिव वीरेन्द्र किराडू,राजेश लदरेचा,अरविन्द चौधरी भी शामिल रहे।पीबीएम अस्पताल केवल बीकानेर जिले का ही नहीं, बल्कि पूरे संभाग का सबसे बड़ा रेफरल अस्पताल है।यहां बीकानेर के साथ-साथ चूरू,श्रीगंगानगर,हनुमानगढ़,नागौर और जैसलमेर सहित दूर-दराज क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।मौजूदा व्यवस्थाओं पर लगातार बढ़ते दबाव के बीच नई मेडिसिन विंग शुरू होने से मरीजों को बेहतर इलाज,अधिक बेड,आधुनिक सुविधाएं और व्यवस्थित चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। मेडिसिन विंग के शुरू होने से विशेषकर मौसमी बीमारियों के दौरान बेड की कमी की समस्या से राहत मिलेगी। मरीजों को भर्ती होने के बाद जांच के लिए अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा।

मूंधड़ा परिवार की देन
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में जितना योगदान बीकानेर के भामाशाहों ने दिया है, वैसा उदाहरण अन्यत्र दुर्लभ है।देश-विदेश में रहने वाले बीकानेर मूल के सेवाभावी लोग अपनी जन्मभूमि के प्रति विशेष लगाव रखते हैं और यहां कुछ स्थायी व यादगार करने का जज्बा रखते हैं।इसी भावना का सशक्त उदाहरण है सी.एम.मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट,जिसने मरीजों की सेवा के लिए करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक मूंधड़ा अस्पताल तैयार करवाई है।मूंधड़ा मेमोरियल अस्पताल अब पूरी तरह बनकर तैयार है और इसे इसी माह शुरू करने की संभावना है।माना जा रहा है कि राजस्थान में यह अपनी तरह की अद्वितीय मेडिसिन विंग है, जिसे किसी एक भामाशाह ट्रस्ट ने अपने संसाधनों से निर्मित कराया है।

मूंधड़ा अस्पताल में मिलेंगी ये सुविधाएं
श्रीमती सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट मुम्बई के मुख्य ट्रस्टी कन्हैयालाल मूंधड़ा ने बनाई 100 करोड़ से ज्यादा की लागत से पीबीएम अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक मेडिसिन विंग अब तैयार है,जो भविष्य की चिकित्सा जरूरतों के लिए सक्षम है।यह मेडिसिन विंग बीकानेर के स्वास्थ्य ढांचे में मील का पत्थर साबित होगा।करीब 2.89 लाख वर्गफीट में फैली इस मेडिसिन विंग में 527 बेड होंगे जिसमें जनरल बैड के 9 वार्ड,20 बैड के 3 आईसीयू वार्ड,9 बैड का 1 आइसोलेशन वार्ड,डबल और ट्रिपल बैड के 14 कॉटेज,सिंगल बैड के 39 कॉटेज,11 बैड का कोन्विकट वार्ड,9 बैड का आर्मी वार्ड,8 डॉक्टर चेम्बर,आर ओ वाटर के 16 बूथ,232 टॉयलेट,91 बाथरूम,150 कुर्सी का लेक्चर रूम,600 कुर्सी का वेटिंग हॉल,165 कैमरा,1250 किलोवाट के 2 जेनरेटर,ऑक्सीजन मेनीसोल्ड प्लांट,रोगी के साथ आने वाले अटेंडेंट के लिए बैड,प्रत्येक टॉयलेट में इमर्जेंसी बेल,हाईटेक फायर सिस्टम,76000 स्क्वेयर फुट पार्किंग एरिया,7000 स्क्वेयर फुट केन्टीन एरिया,4 लिफ्ट,4000 स्क्वेयर फीट योगा एरिया,रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सभी प्रमुख चिकित्सा सुविधाएं मौजूद होंगी।