तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शुमार मुरलीधर व्यास कॉलोनी इन दिनों अतिक्रमण और भूमाफियाओं की गतिविधियों के कारण गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में खुलेआम कब्जे किए जा रहे हैं,जिससे आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते भूमाफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।कॉलोनी के थर्ड डी सेक्टर की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है।यहां कई स्थानों पर लोगों ने सार्वजनिक जमीन और सड़कों पर अतिक्रमण कर लिया है।हालत यह है कि कुछ लोगों ने सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रास्ते को संकरा बना दिया है। यह सड़क शहर और आसपास के गांवों को जोडऩे वाला महत्वपूर्ण मार्ग है,जहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है।सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों और उगी झाडिय़ों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क के मोड़ों पर दृश्यता कम होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। पिछले एक माह में अंधे मोड़ों पर आधा दर्जन से अधिक बाइक चालकों की आमने-सामने भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि एक कब्जाधारी ने अपने मकान के आगे लोहे के बड़े-बड़े पिलर लगाकर सार्वजनिक स्थान पर कब्जा कर लिया है। इससे गली में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा पैदा हो गया है।बताया जा रहा है कि प्रशासन पहले भी इस स्थान से अतिक्र मण हटाने की कार्रवाई कर चुका है,लेकिन कुछ समय बाद फिर से कब्जा कर लिया गया। इधर,कॉलोनी के कई खाली प्लॉटों और सार्वजनिक जगहों पर गोबर और अन्य सामग्री डालकर कब्जे किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क के किनारों पर 20 से 30 फीट तक अतिक्रमण कर लिया गया है,जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो कॉलोनी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है और किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।