kukana

तहलका न्यूज,बीकानेर। देश में बढ़ रही बेरोजगारी और अमेरिका से भारत भेजे गए प्रवासी नागरिकों के साथ अमानवीय व्यवहार के विरोध में यूथ कांग्रेस की ओर से जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। गंाधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन करने पहुंचे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर कलक्टर परिसर में जबरन प्रवेश पर पुलिस ने लाठियां भांजी। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने दस्तयाब कर कलक्टर कार्यालय से दूर ले जाकर छोड़ दिया।प्रदर्शन करने आए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर लगे बेरीकेड्स को जबरन गिराकर अंदर जाने का प्रयास किया था। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने यूथ कांग्रेस नेताओं को समझाने की कोशिश की। तभी यूथ कांग्रेस नेताओं और पुलिस से कहासुनी हो गई। जिसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को वहां से खदेडऩे के लिये लाठियां भांजी। इस पर भी कार्यकर्ता जब नहीं माने तो पुलिस ने डंडे बरसाने शुरू कर दिए। जिलाध्यक्ष भंवर कुकणा ने कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया है। यूथ कांग्रेस पुलिस के खिलाफ कुछ दिनों में बड़ा प्रदर्शन करेगी। वहीं पुलिस ने कहा कि कार्यकर्ता जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए पुलिस की ओर से केवल कार्यकर्ताओं को खदेड़ा गया है,लाठीचार्ज नहीं किया गया।