2024_1image_13_04_006777148sirsa

 

तहलका न्यूज,बीकानेर। मौसम बदलाव के साथ शहर में एक बार फिर से बुखार व सर्दी जुकाम के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। जिसके चलते जिले में एक साथ स्वाइन फ्लू के रोगी सामने आएं है। एक ही दिन में तेरह स्वाइन फ्लू रोगी सामने आने के बाद चिकित्सा महकमा अर्ल्ट हो गया है। इनमें एक चूरू के रतनगढ़ का निवासी है, जबकि शेष बीकानेर शहर, खाजूवाला, छत्तरगढ़ और लूणकरनसर के रहने वाले हैं। पीबीएम अस्पताल में इस बीमारी के लिए अलग से वार्ड बना दिया गया है, वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अब टेमीफ्लू दवा का स्टॉक चौक कर रहे हैं। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में होने वाली जांच में ये चौंकाने वाले टेस्ट रिजल्ट सामने आए हैं। सप्ताह में एक दिन मेडिकल कॉलेज में इन सेम्पल की जांच होती है,जिसमें एक साथ तेरह स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पहली बार सामने आए हैं। इनमें दो रोगी बीकानेर शहर के हैं,जिसमें एक बड़ा बाजार और दूसरा रत्ताणी व्यासों के चौक के पास रहने वाला है। खाजूवाला, छत्तरगढ़ और लूणकरनसर का भी एक-एक पॉजिटिव केस सामने आया है। बीकानेर शहर में लेब चलाने वाला एक युवक भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गया है।सीएमएचओ डॉ. अबरार पंवार ने बताया कि 13 रोगी पॉजिटिव आए हैं, जिसमें बारह बीकानेर जिले के हैं जबकि एक चूरू के रतनगढ़ का है। रोगी जहां रहते हैं, उसके आसपास के क्षेत्र में टेमीफ्लू की दवाएं दी जा रही है। रेंडम सर्वे भी कराया जा रहा है, लोगों के सेम्पल लिए जाएंगे ताकि और रोगी सामने आ सके।

ये हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण
डॉ. अबरार ने बताया कि स्वाइन फ्लू के सिम्टम बहुत सामान्य है। सामान्य सर्दी-जुकाम और बुखार के रोगी इस बीमारी से ग्रसित हो सकते हैं। ऐसे में सर्दी जुकाम को गंभीरता से लेते हुए जांच करानी चाहिए। इसके अलावा बार-बार हाथ धोने की आदत होनी चाहिए। मास्क लगाकर रखना चाहिए।

बीकानेर में कल पुष्करणा सावा
स्वाइन फ्लू के बढ़ते रोगियों का एक बड़ा कारण विवाह सीजन हैं। अब रविवार को बीकानेर में सबसे ज्यादा विवाह होंगे। सौ से ज्यादा जोड़े तो अकेले पुष्करणा समाज के विवाह बंधन में बंध रहे हैं। वहीं दूसरी जातियों में भी श्रेष्ठ मुहुर्त के कारण कल बड़ी संख्या में विवाह हैं। ऐसे में लोग इन समारोहों में शामिल होंगे।