तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के महाजन थाना इलाके में फील्ड फायरिंग रेंज में अज्ञात व्यक्तियों के प्रवेश का मामला सामने आया है।8 अगस्त को अज्ञात लोगों ने फायरिंग रेंज की बाहरी बाड़ को तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां से कम मात्रा में ईंधन और नकदी चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेन्सियां सक्रिय हो गई है।

6 घंटे में मिले अहम सुराग
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।जांच टीमों ने घटना के करीब 6 घंटे के भीतर संदिग्ध वाहन के पंजीकरण से जुड़े अहम सुराग जुटा लिए।इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले संभावित संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई है।

स्थानीय पुलिस को दी जा रही औपचारिक सूचना
मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की तैयारी है।स्टेशन मुख्यालय की ओर से स्थानीय नागरिक पुलिस अधिकारियों को घटना की औपचारिक सूचना दी जा रही है, ताकि प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच की जा सके।जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।फायरिंग रेंज जैसे संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में बाहरी बाड़ तोड़कर अनधिकृत प्रवेश की घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।जांच एजेंसियां संदिग्ध वाहन,आसपास के ग्रामीण इलाकों और चोरी की आशंका से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं।जांच आगे बढऩे के साथ मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।