तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में अपराधों पर अंकुश लगने की बजाय बढ़ते ही जा रहे है।अपराधियों के हौसलें इतने बुलंद हो गये है कि वे बेखौफ वारदातों को सरेआम अंजाम देने से भी बाज नहीं आ रहे है।जिले के देशनोक थाना क्षेत्र के लालमदेसर मगरा में पानी सप्लाई का काम करने वाले एक युवक पर जानलेवा हमला करने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।पीडि़त बरसिंहसर निवासी राधेश्याम सियाग ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने पहले उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया,फिर उसे वाहन से कुचलने का प्रयास किया और बाद में धारदार हथियार व लाठियों से हमला कर दिया।परिवादी का आरोप है कि वह लालमदेसर मगरा स्थित कुएं पर पानी के कैम्पर सप्लाई का कार्य करता है।इसी दौरान आरोपी दिनेश,हरिराम अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और गांव में पानी का कारोबार बंद करने की धमकी दी।आरोप है कि उसने परिवादी की गाड़ी को टक्कर मार दी,जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों श्यामलाल,रामा नागोरी तथा अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया।आरोपियों ने मिलकर राधेश्याम पर हमला कर दिया।हमले में उसके सिर,हाथ और पीठ पर चोटें आईं।शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।पीडि़त का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकियां दे रहे हैं।आरोपियों द्वारा गांव में पानी सप्लाई का काम जारी रखने के बदले ‘हफ्ता मांगने तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।देशनोक पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को घटना का एक वीडियो भी सौंपा गया है,जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।