तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के देशनोक थाना इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।बताया जा रहा है कि कस्बे के मुख्य व्यावसायिक क्षेत्र सदर बाजार स्थित ‘मां करणी ज्वेलर्स’ में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना मिलते ही देशनोक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।प्रथम दृष्टया पड़ताल में सामने आया है कि शातिर चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस हर संभावित एंगल से वारदात की जांच में जुट गई है।आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।हालांकि परिवादी की ओर से अभी तक थाने में किसी प्रकार का परिवाद नहीं दिया गया है।

व्यापारियों का हंगामा, सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग
चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया।सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष करणी दान चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने तथा चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की पुरजोर मांग की।इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सदर बाजार में तुरंत सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की मांग रखी।

पुलिस जांच जारी
कुल नुकसान के आंकड़े को लेकर देशनोक पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं किया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।पीडि़त पक्ष की माने तो 650 ग्राम चांदी व 6 ग्राम सोना चोरी हुआ हैं।