तहलका न्यूज,बीकानेर।लंबे समय से फरार चल रहे 2,500 रुपये के इनामी बदमाश को कोटगेट पुलिस को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है।आरोपी हत्या के प्रयास,लूट और चोरी सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था तथा विभिन्न थानों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपी 24 वर्षीय जायल नागौर निवासी भींयाराम उर्फ भीमला उर्फ भीमा नायक है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए सोलर प्लांट में मजदूरी कर रहा था। उसे पकडऩे के लिए पुलिस ने कानि गणेशाराम को ट्रैक्टर चालक बनाकर प्लांट में भेजा।गणेशाराम ने आरोपी की पहचान कर गुप्त सूचना दी,जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का बेहद सीमित उपयोग करता था।वह अपने परिचितों से बात करने के लिए एक बार इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग फोन का सहारा लेता था,जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सके।
आरोपी के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज
आरोपी के खिलाफ कोटगेट थाने के अलावा परबतसर नागौर,एमपी नगर तथा पादूकलां थानों में हत्या के प्रयास,लूट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।आरोपी के खिलाफ कोटवाली थाने का स्थायी वारंट भी लंबित है।पुलिस ने बताया कि वर्ष 2025 में बीछवाल थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल का उपयोग आरोपी ने पादूकलां में लूट की वारदात में किया था।बाद में मुक्ताप्रसाद क्षेत्र में दुर्घटना होने पर वह मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान हुई और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।इस कार्रवाई में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी,हेड कांस्टेबल हेतराम तथा कांस्टेबल गणेशाराम की विशेष भूमिका रही।आरोपी की गिरफ्तारी में कानि गणेशाराम की सूझबूझ और गोपनीय तरीके से की गई कार्रवाई निर्णायक साबित हुई।
