तहलका न्यूज,बीकानेर।चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते ही जा रहे है।शहर से लेकर गांवों तक चोरों ने आतंक मचा रखा है।जिले में तीन अलग अलग थाना इलाकों में चोरी की वारदातों मेें करोड़ों रूपये के आभूषण व नकदी चोर ले उड़े है। इसमें चोरों ने खाकी को भी नहीं बक्शा।पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल के यहां भी सैंधमारी कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित लाखों की नकदी लेकर फरार हो गये है।जानकारी के अनुसार जिले के नापासर थाना इलाके में राजस्थान पुलिस में कार्यरत एक कांस्टेबल के पुश्तैनी घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।चोर घर में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर घुसे और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण सहित 3.20 लाख की नकदी लेकर भाग गए।वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।परिवादी श्रीकिशन गोदारा ने बताया कि वह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थापित हैं।घटना के समय वह किसी काम से श्रीडूंगरगढ़ गए हुए थे। घर में उनकी मां,बड़ा भाई,भाभी और बच्चे मौजूद थे।रिपोर्ट के अनुसार,रात को परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए। भाई-भाभी और बच्चे छत पर सो रहे थे,जबकि मां नीचे कमरे में थीं।मंगलवार सुबह करीब चार बजे मां ने कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई।परिजनों ने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी।पास वाले कमरे में रखी दो बड़ी और एक छोटी संदूक गायब थीं, वहीं अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था।परिजनों ने आसपास तलाश की तो घर के पीछे खाली बाड़े में दो संदूक खुली हुई मिलीं,जबकि एक छोटी संदूक घर के सामने खाली बाड़े में पड़ी थी।चोर संदूकों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए।

सूने मकान में लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ
शहर के सदर थाना क्षेत्र की विजय विहार कॉलोनी में सूने मकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।चोर घर से चांदी के सिक्के,सोने के आभूषण और हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार,दिनेश उत्तरेजा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि 22 जुलाई से 28 जुलाई के बीच अज्ञात चोर उनके सूने मकान में घुस गए और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।चोरी हुए सामान में करीब 100 ग्राम का चांदी का सिक्का,अन्य चांदी के सिक्के,लगभग 300 ग्राम वजनी चांदी की पायल की जोड़ी,सोने की दो नोज पिन तथा 26,300 नकद शामिल हैं।पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इलाज कराने जयपुर गया परिवार,पीछे से लाखों की चोरी
जिले बज्जू थाना क्षेत्र स्थित बंद मकान में चोरों ने सैंधमारी की है।बताया जा रहा है कि परिवार वाले इलाज के लिये जयपुर गये हुए थे।अज्ञात चोर लाखों के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गये।जानकारी के अनुसार चक 1 जीडब्ल्यूएम स्थित एक ढाणी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता तब चला,जब पीडि़त परिवार जयपुर से बच्ची का इलाज कराकर वापस लौटा।पीडि़त अशोक कुमार तेतरवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 25 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ बच्ची का इलाज कराने जयपुर गया था।सोमवार रात करीब 9 बजे जब परिवार वापस खेत स्थित ढाणी पहुंचा तो मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ मिला।कमरे के अंदर रखी तिजोरी का ताला भी टूटा हुआ था। चोर तिजोरी से करीब साढ़े आठ तोला सोने के आभूषण तथा 4.50 लाख नकद चोरी कर ले गए।चोरी हुए आभूषणों में करीब साढ़े चार तोला सोने की कंठी,तीन तोला का रखड़ी सेट व तिनका तथा एक तोला सोने की चेन शामिल है।इसके अलावा चोर अन्य सामान भी अपने साथ ले गए।घटना की सूचना मिलने पर बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि पीडि़त की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाने के साथ-साथ चोरों की तलाश में जुटी हुई है।