नशे के खिलाफ शिकायत की,तो चाकू से किया वार,हो गई मौत
तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो पक्षों में झगड़े के दौरान चाकू लगने से घायल युवक ने शुक्रवार को पीबीएम में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।इसके बाद गुस्साए लोगों ने मॉर्च्युरी के बाहर धरना शुरू कर दिया।परिजन और समाज के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करे लगे।जिसके बाद सीओ सदर आकांक्षा गोदारा व सीओ सिटी अनुज डाल ने मोर्चरी पर पहुंचकर लोगों से समझाइश की।बाद में हत्या की मामला दर्ज होने के बाद धरना उठा लिया गया।हालांकि शुक्रवार शाम तक भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
हेड पोस्ट ऑफिस के पास हुआ था विवाद
कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि मुख्य डाकघर के नजदीक स्थित एक गली में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट शुरू हो गई।आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोग दूसरे पक्ष के युवक के घर में घुस गए और अकरम पर चाकू से हमला कर दिया।हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे तत्काल पीबीएम अस्पताल ले जाया गया,लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी भी हुई।
नशे के खिलाफ की थी शिकायत
प्रारंभिक जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि अकरम ने नशे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। हालांकि इस शिकायत और हत्या की घटना के बीच संबंध है या नहीं,इसकी पुष्टि जांच के बाद पुलिस कर पाएगी।थानाधिकारी तिवाड़ी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है।घटना को लेकर सदर और कोटगेट थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष एक ही समाज से ताल्लुक रखते हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के साथ आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं