तहलका न्यूज,बीकानेर।बीकानेर में कानून व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो ओर हिस्ट्रीशीटर के घर के आगे बने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। करमीसर में भारी पुलिस बल के बीच इन दोनों हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर पुलिस ने बुलडोजर चलाते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।गुरुवार को गंगाशहर थाना क्षेत्र में करमीसर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर आमिर खान और हसन अली द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।आमिर पर हत्या हत्या के प्रयास तस्करी मारपीट सहित 50 मुकदमे दर्ज हैं।वहीं दूसरे पर आर्म्स एक्ट का केस चल रहा है।
आमीन पर 50 से ज्यादा मामले दर्ज
आमीन खान कोटगेट थाने का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या,हत्या का प्रयास और हथियार तस्करी के आरोप हैं।पिछले 20 साल से आमीन के खिलाफ हथियार सप्लाई के मामले दर्ज होते रहे हैं। बीकानेर में उसपर 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
हसन पर आर्म्स एक्ट का मामला
हसन अली पर चार अलग अलग केस दर्ज है, जिसमें वो तीन में अदालत से दोषमुक्त हो चुका है। हसन के खिलाफ 2017 में आर्म्स एक्ट के तहत नयाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अब तक अदालत में कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा बीछवाल थाने में साल 2015 और कोटगेट थाने में 1996 में दर्ज मामले में अदालत से दोष मुक्त हो गया।वहीं हत्या के प्रयास का एक मामला सदर थाने में साल 2015 में दर्ज हुआ था। इसमें भी संदेह का लाभ देकर उसे दोषमुक्त किया गया।
