तहलका न्यूज,बीकानेर।बीकानेर में कानून व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो ओर हिस्ट्रीशीटर के घर के आगे बने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। करमीसर में भारी पुलिस बल के बीच इन दोनों हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर पुलिस ने बुलडोजर चलाते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।गुरुवार को गंगाशहर थाना क्षेत्र में करमीसर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर आमिर खान और हसन अली द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।आमिर पर हत्या हत्या के प्रयास तस्करी मारपीट सहित 50 मुकदमे दर्ज हैं।वहीं दूसरे पर आर्म्स एक्ट का केस चल रहा है।

प्रशासन ने दिया सख्ती का संदेश
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।कार्रवाई के दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारी कुणाल राहड़ और आकांक्षा गोदारा मौके पर मौजूद रहे।वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़,सीओ हिमांशु शर्मा तथा गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार,नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई सहित कई थाना क्षेत्रों का पुलिस जाब्ता ने संभाली।

आमीन पर 50 से ज्यादा मामले दर्ज

आमीन खान कोटगेट थाने का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या,हत्या का प्रयास और हथियार तस्करी के आरोप हैं।पिछले 20 साल से आमीन के खिलाफ हथियार सप्लाई के मामले दर्ज होते रहे हैं। बीकानेर में उसपर 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

हसन पर आर्म्स एक्ट का मामला

हसन अली पर चार अलग अलग केस दर्ज है, जिसमें वो तीन में अदालत से दोषमुक्त हो चुका है। हसन के खिलाफ 2017 में आर्म्स एक्ट के तहत नयाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अब तक अदालत में कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा बीछवाल थाने में साल 2015 और कोटगेट थाने में 1996 में दर्ज मामले में अदालत से दोष मुक्त हो गया।वहीं हत्या के प्रयास का एक मामला सदर थाने में साल 2015 में दर्ज हुआ था। इसमें भी संदेह का लाभ देकर उसे दोषमुक्त किया गया।

कई और चिन्हित हैं, जल्द कार्रवाई
बदमाशों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन मिलकर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। हिस्ट्रीशीटर आमिर और हसन के घर के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवाया है। कई और बदमाश चिन्हित हैं, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई जल्द होगी।
-मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक