तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते भाई भाई का बैरी बन गया है।जिसके कारण कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया है।जानकारी मिली है कि बीठनोक गांव में खेत की भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बीठनोक निवासी जेठूसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे वह अपने छोटे भाई आसुसिंह के साथ ट्रैक्टर लेकर अपने खेत में बिजाई करने गया था।खेत खसरा संख्या 222 की 71 बीघा भूमि में से 17.75 बीघा भूमि उसके और उसके भाई के हिस्से में आती है।मौके पर पहुंचने पर देखा कि उनकी भूमि के करीब 5 बीघा हिस्से पर पहले से ही काश्त की जा चुकी थी।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान विजयसिंह,छैलूसिंह,कालूसिंह तथा पप्पूसिंह पुत्र विजयसिंह हाथों में कुल्हाड़ी,तार से बंधी लकड़ी तथा छह सिंगों वाली जही लेकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।आरोपियों ने उसके सिर पर वार कर चोट पहुंचाई,जबकि उसके भाई आसुसिंह के सिर पर भी गंभीर चोटें आईं।हमले में दोनों के हाथ-पैरों पर भी चोटें लगीं।आरोप है कि हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया तथा उसके कान का आभूषण और करीब दो भरी सोने की करणी माता की मूर्ति भी तोड़ दी।रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए।जाते समय आरोपियों ने दोबारा मिलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया।रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई जयसिंह को सौंपी है।
