तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में चोरियों का ग्राफ इतनी तेजी से बढ़ता जा रहा है कि जिसके चलते आमजन व व्यापारियों में आक्रोश फेल रहा है।आक्रोशित लोग अब आन्दोलन करने को मजबूर हो रहे है।जिले के दो अलग अलग थानों में चोरी की वारदात सामने आई है। एक मामला नोखा थाना इलाके का है।जहां व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र घंटाघर के आसपास बुधवार देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया।करीब दो घंटे के अंतराल में छह दुकानों के ताले तोड़ दिए गए,जिससे पूरे व्यापारिक क्षेत्र में दहशत और रोष का माहौल है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन दुकानों में चोरी की वारदात हुई है,जबकि अन्य दुकानों के भी ताले तोड़े गए।चोरी गए सामान और नकदी का पूरा आंकलन अभी किया जा रहा है,लेकिन व्यापारियों ने लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है।घंटाघर के पास स्थित मनोज कुमार-महेश कुमार फर्म की दुकान भी चोरों के निशाने पर रही।घटना रात करीब तीन बजे के बाद की बताई जा रही है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक शातिर चोर सिर पर कपड़ा बांधे चोरी करता हुआ कैद हुआ है।पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही सुबह बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। मुख्य बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लगातार दुकानों के ताले टूटने की घटना से व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों के गहने चोरी
शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।परिवादिया हनुमान वाटिका,बाबा रामदेव मंदिर रोड,सूजानदेसर निवासी रेणु गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।परिवादिया के अनुसार वह 24 जुलाई को घर बंद कर दौसा गई हुई थीं। 28 जुलाई को वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था।जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है।परिवादिया की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच हेड कांस्टेबल संजय कर रहे हैं।पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
