तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के गजनेर थानान्तर्गत मानसर उपरली ढाणी स्थित बजरी खान में उस समय हड़कंप मच गया जब बजरी लोडिंग के लिए खड़ा एक ट्रेलर अचानक आग की चपेट में आ गया।कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रेलर धू-धू कर जलने लगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर खान पर बजरी भरवाने के लिए पहुंचा था।इसी दौरान वाहन में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटें पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले गईं।आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक ट्रेलर का बड़ा हिस्सा जल चुका था।गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।