पूर्व विधायक का निधन,शहर में छाई शोक की लहर
तहलका न्यूज,बीकानेर।वरिष्ठ अधिवक्ता और श्रीकोलायत के पूर्व विधायक आर के दास गुप्ता का मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे सोमवार को एक केस की पैरवी के लिए जोधपुर गए थे।मंगलवार सुबह तबीयत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुप्ता के निधन की सूचना के बाद अधिवक्ताओं में शोक की लहर छा गई।उनके निधन पर केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल,पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला,देवीसिंह भाटी,गोविन्दराम मेघवाल,भंवर सिंह भाटी,विधायक सिद्धिकुमारी,ताराचंद सारस्वत,डॉ विश्वनाथ,महापौर अनिल कल्ला,बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित,पार्षद मनोज विश्नोई सहित अनेक जनों ने शोक जताया है।
आठ बार रहे बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष
आर के दास गुप्ता बीकानेर बार एसोसिएशन के सबसे ज्यादा आठ बार अध्यक्ष रहे।उन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक वकालत की और लबे समय तक न्यायिक क्षेत्र में सक्रिय रहे।वे बीकानेर के जनहित से जुड़े मुद्दों पर अदालत में पैरवी करते रहे।शहर में रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को लेकर भी उन्होंने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। इस मामले में उनकी याचिका आज भी जोधपुर हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
आपातकाल में जेल गए,1977 में बने विधायक
आर के दास गुप्ता का राजनीतिक सफर संक्षिप्त रहा। वे वर्ष 1977 में कोलायत क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।आपातकाल के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली और वकालत पर ध्यान केंद्रित किया।उन्होंने विधायक बनने के करीब ढाई साल बाद ही विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना था कि जिस उद्देश्य से वे राजनीति में आए थे,वह पूरा नहीं हो रहा था।इसके बाद उन्होंने बीकानेर शहर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा,लेकिन उन्हें ज्यादा वोट नहीं मिले। यह चुनाव भी उन्होंने सैद्धांतिक मुद्दों को लेकर लड़ा था।
डूंगर कॉलेज से की थी बीए की पढ़ाई
आरके दास गुप्ता ने वर्ष 1964 में बीकानेर के डूंगर कॉलेज से बीए किया था।इसके बाद वर्ष 1966 में राजस्थान विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की।लंबे कानूनी अनुभव और बार एसोसिएशन में आठ बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के कारण बीकानेर के अधिवक्ता समुदाय में उनकी विशिष्ट पहचान रही। उनके निधन से न्यायिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं