ड्यूटी से लौट रहे दो गार्डों को बंधक बनाकर पीटा
तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के बज्जू थाना इलाके में दो गार्डों को बंधक बनाकर पीटने का मामला प्रकाश में आया है।जानकारी मिली है कि बीकमपुर पावर ग्रिड में ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे दो सुरक्षा गार्डों को वहां के अन्य गार्डों ने कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटा।परिवार ने घटना के सीसीटीवी फुटेज होने का दावा किया।एसपी को परिवाद देने के बाद बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।थानाधिकारी चंद्रजीतसिंह भाटी ने बताया कि बीकमपुर निवासी नत्थूराम भाट ने परिवाद दिया है।इसमें बताया गया कि उनका पुत्र चैनाराम और छोटे भाई का पुत्र जीवणराम पावर ग्रिड में सीजी पावर एसआईएस कंपनी के सुरक्षा गार्ड थे।परिवाद के मुताबिक,9 नवंबर को दोनों ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे,लेकिन तय समय पर नहीं पहुंचे।परिजन उन्हें तलाशते हुए पावर ग्रिड पहुंचे,जहां दोनों युवक ग्रिड के गार्डों के कब्जे में मिले।नत्थूराम ने आरोप लगाया कि दोनों को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और पीटा गया।परिजनों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया और घर ले गए।मारपीट में दोनों को चोटें आईं।परिवादी ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद बज्जू थाने में पहले दिए गए लिखित परिवाद पर कार्रवाई नहीं हुई।इसके उलट,उनके पुत्र और भतीजे को ही थाने में गिरफ्तार कर रखा गया।इसके बाद 13 नवंबर को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को डाक से परिवाद भेजकर कार्रवाई की मांग की गई।पुलिस ने परिवाद के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2),126(2), 140(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।जांच सहायक उपनिरीक्षक झंवरलाल को सौंपी गई है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं