तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के देशनोक थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के घर में आग लगाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। जिसका मामला थाने में दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सुरधना चौहानान में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग के घर की बाड़ और झोपड़ी में आग लगाने लगा दी गई।वारदात के वक्त पीडि़त बुजुर्ग,उनकी पत्नी और दो मासूम दोहिते घर के भीतर सो रहे थे।ग्रामीणों की सजगता के चलते आग पर काबू पा लिया गया,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देर रात दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में 77 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मण राम राणा ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे जगदीश से पुरानी रंजिश रखने वाले कुछ आरोपियों ने उनके घर को घेर लिया। आरोपियों ने घर की घेराबंदी वाली बाड़ और परिसर में बनी झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों ने शोर मचाकर बुझाई आग
झोपड़ी से आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया,जिसके बाद पीडि़त परिवार की नींद खुली।चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इक_ा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त का कहना है कि अगर ग्रामीण समय पर नहीं जागते तो पूरे परिवार की जान जा सकती थी।

इन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज
पीडि़त लक्ष्मण राम ने बताया कि आरोपी आए दिन उनका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देते हैं।पुलिस ने इस मामले में भेराराम निवासी सूरधना चौहानान,श्रवण कुमार निवासी देशनोक,छोटूराम निवासी देशनोक,पिंटू निवासी देशनोक,सन्नी निवासी देशनोक तथा 5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।देशनोक थाना पुलिस के अनुसार,पीडि़त की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 326,351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की कमान एएसआई टीकूराम को सौंपी गई है।