तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में लगातार चोरी का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।अज्ञात चोर बंद घरों व दुकानों को अपना निशाना बना रहे है।ताजा मामला देशनोक थाना इलाके का है।जहां चोरों ने सूने घर में सैंधमारी करते हुए लाखों रूपये नकदी,सोने-चांदी के आभूषण व जरूरी दस्तावेज चुरा लिए है। इसको लेकर परिवादी की ओर से देशनोक थाने में परिवाद भी दिया गया है।बताया जा रहा है कि लालमदेसर मगरा गांव में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश देर रात सूने कमरे का ताला तोड़कर करीब 7 लाख रुपए की नकदी,सोने-चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार लालमदेसर मगरा निवासी बेगाराम जाट सारण ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया है कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।इसी दौरान अज्ञात चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और ताले तोड़कर कमरे में रखी तिजोरी व संदूक खंगाल डाले।गुरुवार सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरों के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था।जांच करने पर पता चला कि चोर 7 लाख रुपए की नकदी के अलावा सोने की ठुसी,हार सेट,रखड़ी,बोरिया, अंगूठियां,फुलड़े,कान के बाले तथा करीब दो किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।तिजोरी में रखे महत्वपूर्ण जमीनी और निजी दस्तावेज भी गायब मिले।सूचना मिलने पर देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।