मुख्य सामग्री पर जाएँ
ई-पेपर
ब्रेकिंग

घुटना प्रत्यारोपण के लिए 50 मरीज अहमदाबाद रवाना

महापौर अनिल कल्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

KHAOSA
A
3 मिनट पढ़ने में 0 शेयर
घुटना प्रत्यारोपण के लिए 50 मरीज अहमदाबाद रवाना


तहलका न्यूज,बीकानेर।सी.एम.मूंधड़ा फाउंडेशन की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचाने का सिलसिला जारी है।इसी क्रम में 50 मरीजों को निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण के लिए अहमदाबाद स्थित के.डी.अस्पताल रवाना किया गया।नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने हरी झंडी दिखाकर मरीजों के दल को रवाना किया।फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद मरीजों का घुटना प्रत्यारोपण निशुल्क करवाया जाता है।इस सेवा प्रकल्प के तहत मरीज के साथ एक परिजन की यात्रा,  रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी ट्रस्ट की ओर से निशुल्क की जाती है,ताकि मरीज और उसके परिवार को उपचार के दौरान आर्थिक  परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। फाउंडेशन की इस पहल के माध्यम से अब तक 168 मरीजों का निशुल्क एकल व डबल घुटना प्रत्यारोपण  करवाया जा चुका है।
सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों को मिल रही नई उम्मीद
इस अवसर पर ट्रस्ट प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना और उसे दर्दमुक्त जीवन की ओर अग्रसर करना ही इस सेवा प्रकल्प का उद्देश्य है। घुटनों की समस्या के कारण अनेक बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को  दैनिक कार्यों में परेशानी होती है।आर्थिक अभाव के चलते कई लोग ऑपरेशन नहीं करवा पाते। ऐसे में फाउंडेशन द्वारा निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण करवाना उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने का प्रयास है।मरीज के साथ परिजन की यात्रा,आवास और भोजन की व्यवस्था भी इसी सेवा भावना  का हिस्सा है।महापौर अनिल कल्ला ने फाउंडेशन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाना और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए आगे आना सराहनीय पहल है।इस तरह के सामाजिक सेवा प्रकल्प समाज में सहयोग,संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
मरीजों ने जताया आभार,बोले- आर्थिक चिंता से मिली मुक्ति
अहमदाबाद रवाना हो रहे मरीजों ने सी.एम.मूंधड़ा फाउंडेशन के कन्हैयालाल मूंधड़ा,देवकिशन मूंधड़ा,श्रीकिशन मूंधड़ा,द्वारकाप्रसाद मूंधड़ा एवं संतोष मूंधड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।मरीजों का कहना था कि घुटनों के दर्द के कारण चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में काफी परेशानी होती है।आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगा ऑपरेशन करवाना आसान नहीं था,लेकिन फाउंडेशन ने निशुल्क उपचार की व्यवस्था कर बड़ी राहत दी है।मरीजों और उनके परिजनों ने कहा कि उपचार के साथ यात्रा,रहने और भोजन की व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध करवाना उनके लिए बहुत बड़ा सहयोग है।उन्होंने फाउंडेशन के सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि घुटना प्रत्यारोपण के बाद वे फिर से बेहतर तरीके से चल-फिर सकेंगे और सामान्य जीवन जी पाएंगे।सी.एम.मूंधड़ा फाउंडेशन का यह सेवा प्रकल्प जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें सम्मानजनक और बेहतर जीवन जीने का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।इस अवसर पर सुरेश पेडिवाल,पवन पचीसिया,संतोष आसोपा,फिजियो भवानी शंकर आदि उपस्थित हुए ।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं

इस खबर को शेयर करें: