मुख्य सामग्री पर जाएँ
ई-पेपर
ब्रेकिंग

कोलेस्ट्रॉल का इंजेक्शन: साल में सिर्फ दो बार, दिल की सुरक्षा में नई उम्मीद :स्वामी

A
3 मिनट पढ़ने में 0 शेयर
कोलेस्ट्रॉल का इंजेक्शन: साल में सिर्फ दो बार, दिल की सुरक्षा में नई उम्मीद :स्वामी

 

तहलका न्यूज,बीकानेर।साल में सिर्फ दो बार लगाया जाने वाला कोलेस्ट्रॉल का इंजेक्शन हृदयाघात और स्ट्रोक का खतरा कम करने में मददगार हो सकता है।यह इलाज मेडिकल कॉलेज सर्कल स्थित आयुष्मान हार्ट केयर हॉस्पिटल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.बी.एल.स्वामी की देखरेख में पिछले एक साल से उपलब्ध है।ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और टीआईएमआई स्टडी ग्रुप के विशेषज्ञों के 16 हजार से ज्यादा मरीजों पर हुए बड़े ट्रायल में भी यह सामने आया है कि कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली दवाओं के साथ यह इंजेक्शन देने पर दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हुआ।

बीमारी पर कैसे काम करता है इंजेक्शन

आमतौर पर कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए दवाएं दी जाती हैं,लेकिन यह इंजेक्शन अलग तरीके से काम करता है। यह लिवर में पीसीएसके9 नामक प्रोटीन का बनना कम करता है। इससे लिवर में खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) हटाने वाले रिसेप्टर ज्यादा सक्रिय रहते हैं और खून से खराब कोलेस्ट्रॉल ज्यादा निकलता है। रिपोर्ट के मुताबिक यह 18 महीने में खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर 50 फीसदी तक घटा सकता है।

किन मरीजों के लिए उपयोगी
- जिन्हें पहले से दिल की बीमारी है
- जिनका कोलेस्ट्रॉल दवाओं के बावजूद नियंत्रित नहीं हो पा रहा
- जिन्हें रोज दवा लेना मुश्किल लगता है

खुराक का तरीका
- पहली खुराक के तीन महीने बाद दूसरी खुराक
- इसके बाद हर छह महीने में एक इंजेक्शन

विशेषज्ञ की राय: डॉ. बी.एल. स्वामी

डॉ.स्वामी के मुताबिक,दवाओं के बावजूद अनियंत्रित रहने वाला एलडीएल कोलेस्ट्रॉल दिल के मरीजों में बार-बार हार्ट अटैक और स्ट्रोक का बड़ा कारण बनता है।"कई मरीजों को रोज दवा लेना मुश्किल होता है,या दवाओं के बावजूद उनका एलडीएल ऊंचा रहता है।साल में सिर्फ दो बार लगने वाला यह इंजेक्शन ऐसे मरीजों को इलाज जारी रखने में मदद कर सकता है।यह नियमित दवाओं का विकल्प नहीं है। सही मरीज में, पूरी जांच के बाद,यह दवाओं के साथ दिया जाता है।मरीज अपनी मौजूदा दवाएं खुद से बंद न करें।"

जरूरी सावधानी

विशेषज्ञों के मुताबिक,इस ट्रायल का मतलब यह नहीं है कि मरीज अपनी मौजूदा कोलेस्ट्रॉल की दवाएं बंद करके सिर्फ इंजेक्शन लगवाने लगें।इलाज में बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूरी है।

भारत में तेजी से बढ़ रही है परेशानी

आईसीएमआर-इंडिया डायबिटीज के मुताबिक,देश के 87.3 फीसदी वयस्कों में डिस्लिपिडेमिया की समस्या पाई गई।शहरी इलाकों में 89 फीसदी और ग्रामीण इलाकों में 86.5 फीसदी लोगों में यह समस्या थी।ऐसे में दिल की बीमारियों से बचने के लिए समय पर कोलेस्ट्रॉल की जांच, सही इलाज,संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधि अब भी जरूरी हैं।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं

इस खबर को शेयर करें: