बीकानेर में पहली बार होगा तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव, देश-विदेश के 100 से अधिक मुद्रा विशेषज्ञ होंगे शामिल
तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की ओर से पहली बार तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।यह आयोजन गंगाशहर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल के सामने अग्रवाल भवन में होगा।महोत्सव में मुंबई,कोलकाता,चेन्नई,बेंगलुरु,लुधियाना,कानपुर,नोएडा और नासिक सहित देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों से भी लगभग 100 मुद्रा संग्रहकर्ताओं एवं विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।इस महोत्सव की खास बात यह होगी कि देशभर से आने वाले मुद्रा विशेषज्ञ आमजन और सिक्कों के शौकीनों को अपने संग्रह में मौजूद पुराने सिक्कों एवं करेंसी नोटों की जानकारी और उनके संभावित ऐतिहासिक एवं संग्रहणीय महत्व से रूबरू करवाएंगे।लोग विशेषज्ञों से आमने-सामने निःशुल्क परामर्श लेकर अपने पास मौजूद सिक्कों और नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।कार्यक्रम के आयोजक एवं बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने बताया कि सिक्के इतिहास का आईना होते हैं।यह ऐसी वस्तु है जिससे संसार का शायद ही कोई व्यक्ति अनजान हो,लेकिन इन्हीं सामान्य दिखने वाले सिक्कों में कुछ ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें छिपी हैं,जिनका महत्व असाधारण है।हमारा उद्देश्य आमजन को इस ऐतिहासिक विरासत के महत्व से परिचित करवाना और इसे संरक्षित करने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सिक्कों और करेंसी नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।देशभर में अनेक लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं।ऐसे में इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को एक ऐसा विश्वसनीय मंच उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है,जहां वे ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर हुए बिना सीधे अनुभवी और विशेषज्ञ मुद्रा संग्रहकर्ताओं से मिल सकेंगे तथा अपने घरों में रखे पुराने सिक्कों एवं नोटों के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।इससे न केवल लोगों को जागरूकता मिलेगी,बल्कि देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में भी मदद मिलेगी।सोसायटी के उपाध्यक्ष जसवंत सिंघ पारख ने कहा इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में प्राचीन एवं आधुनिक सिक्कों, विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ नोटों,डाक टिकटों,माचिस संग्रह,ऐतिहासिक महत्व की पुरानी घड़ियों सहित अनेक प्रकार की दुर्लभ एवं संग्रहणीय वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।यह आयोजन विद्यार्थियों,इतिहास प्रेमियों,शोधकर्ताओं,संग्रहकर्ताओं और आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
छह महीने से चल रही तैयारियां, 50 से अधिक स्कूलों से संपर्क
बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की पूरी टीम पिछले छह महीनों से इस आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है।देशभर से आने वाले अतिथियों और हजारों आगंतुकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तीनों दिनों में अतिथियों के स्वागत,मार्गदर्शन, व्यवस्थाओं और अन्य सुविधाओं के लिए 20 सदस्यों की अलग-अलग टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत के अनुसार इस महोत्सव में बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए जिले के सभी प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और सरकारी अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।जिला कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक,नगर निगम आयुक्त,महापौर,संभागीय आयुक्त,विधायक एवं जिला परिषद के प्रमुख सहित 500 से अधिक व्यवसायियों, कलाकारों,राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों,शिक्षकों,बैंकरों और विभिन्न समाजों के प्रमुख व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में इतिहास,कला और संग्रहण की रुचि विकसित करने के उद्देश्य से 50 से अधिक स्कूलों से भी संपर्क कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बीकानेर के लिए ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा मुद्रा महोत्सव
सोसायटी के कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल सोनी का मानना है कि यह आयोजन बीकानेर के लिए एक नई पहचान स्थापित करने वाला साबित होगा।देशभर के प्रतिष्ठित मुद्रा संग्रहकर्ताओं और विशेषज्ञों का एक मंच पर एकत्रित होना स्थानीय संग्रहकर्ताओं के लिए सीखने,जानकारी प्राप्त करने और अपने संग्रह को नई दिशा देने का अनूठा अवसर होगा।साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय एवं विश्व इतिहास, मुद्राओं और विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी यह महोत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।बीकानेर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित हो रहा यह तीन दिवसीय मुद्रा महोत्सव शहर के इतिहास, संस्कृति और संग्रहण की दुनिया में एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं