गैंगस्टर के साथ फोटो वायरल पर ये बोले केन्द्रीय मंत्री मेघवाल
तहलका न्यूज,बीकानेर।गैंगस्टर विष्णु साध के साथ पार्षद सुरेंद्र सिंह शेखावत के कई फोटो वायरल होने के मामले को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि मुझे फोटो के बारे में जानकारी नहीं है।मैं गैंगस्टर को जानता तक नहीं हूं।हमें क्या करना है उस फोटो का। कानून अपना काम करेगा।मेघवाल ने यह बात आज भाजपा संभाग कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही।उन्होंने कहा कि उसमें हमारा कोई रोल नहीं है।मंत्री मेघवाल ने कहा,हम किसी गैंगस्टर के साथ नहीं है।हम इसके विरोध में है।भाजपा किसी को नहीं बचाएगी।जुर्म किया है तो सजा भी मिलेगी।कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस जनता के जनादेश का अपमान कर रही है।संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर विपक्ष देश को अस्थिरता और अराजकता की ओर ले जा रही है।उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस रवैये की पोल खोलने और जनता को जागरूक करने के लिए भाजपा प्रदेशभर में 'लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ अभियान चला रही है।उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों का सत्यापन किया जा रहा है।इसमें मृत हो चुके मतदाताओं,स्थायी रूप से स्थान बदल चुके लोगों,गैर भारतीय नागरिकों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया अपनाई गई है।उन्होंने दावा किया कि इस काम में 20 लाख से अधिक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और विभिन्न राजनीतिक दलों के 40 लाख से अधिक बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही है।उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है,देश में पहले भी 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 10 बार कांग्रेस की सरकार थी।इस प्रक्रिया में 2.80 करोड़ मृत मतदाताओं,6.3 करोड़ स्थान बदल चुके मतदाताओं तथा एक करोड़ दोहरे नामों की पहचान की गई है।
गांव-ढाणी और वार्ड तक पहुंचेगा अभियान
मेघवाल ने कहा कि अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता आमजन तक पहुंचेंगे और उन्हें संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका,लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा केंद्र सरकार के विकास कार्यों की जानकारी देंगे।अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर रैली निकाली जाएगी।इसके अलावा शहरों और गांवों में पदयात्राएं,संगोष्ठियां और साहित्य वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।कार्यकर्ता वार्ड और ग्राम स्तर तक जाकर विपक्ष की राजनीति और उसके बयानों को जनता के सामने रखेंगे।
विकास कार्यों और संवैधानिक मर्यादाओं पर भी करेंगे चर्चा
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।पार्टी अभियान के दौरान जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी साझा करेगी।साथ ही विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा अपना पक्ष रखेगी।प्रेस वार्ता में प्रभारी महावीर सैनी,शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़,देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया,मीडिया संयोजक मनीष सोनी,कमल गहलोत मौजूद रहे।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं