बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने युवती के घर में लगाई आग
तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के कोलायत थाना क्षेत्र के लोहिया बास में एक युवक द्वारा युवती से बातचीत करने से इनकार किए जाने से नाराज होकर घर में आग लगाने का मामला सामने आया है।इस घटना में दो मोटरसाइकिलें और घरेलू सामान जलकर राख हो गया,जबकि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार,लोहिया बास निवासी 55 वर्षीय करमाराम बावरी ने थाने में उपस्थित होकर लिखित परिवाद देते हुए बताया कि 24 नवंबर की रात परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे,जब उनके दामाद हैप्पीसिंह और भतीजा सूरज भी घर पर आए हुए थे।परिवादी के मुताबिक,तड़के करीब 4:00 बजे घर के बाहर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर देखा कि आंगन में खड़ी भतीजे सूरज की मोटरसाइकिल और कमरे के पास बने छपरे में आग लगी हुई थी,जिसमें दामाद हैप्पीसिंह की मोटरसाइकिल,कपड़े, एक कुर्सी व अन्य सामान जल रहा था।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि जब परिजन बाहर आए तो रावतसर निवासी जीवनराम पीछे की खिड़की से भागता हुआ दिखाई दिया।दामाद और भतीजे ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भाग निकला।परिवादी के अनुसार,दो-तीन माह पहले झझू की रोही में नरमा चुगने के दौरान जीवनराम से उसकी बेटी रीना का परिचय हुआ था और वह फोन पर बात करने लगा था। बेटी द्वारा बातचीत बंद करने पर वह नाराज हो गया था,24 नवंबर की रात घर आकर झगड़ा व धमकी दी थी और फोन न उठाने पर रात में घर के छपरे व सामान में आग लगा दी।घटना में परिवार के लोग समय रहते बाहर निकलने से बच गए, लेकिन छपरे व आंगन में रखा सामान और बाइकें जलकर नष्ट हो गईं।परिवादी ने आगजनी से सात लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की बात कही है।पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच एसआई रोहिताश द्वारा की जा रही है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं