मोबाइल से प्राइवेट तस्वीरों का एक्सेस कर की ब्लैकमेलिंग
तहलका न्यूज,बीकानेर।मोबाइल पर इंस्टेंट लोन लेने के चक्कर में एक युवक साइबर ठगों के ब्लैकमेलिंग जाल में फंस गया।शातिर ठगों ने फर्जी लोन ऐप के जरिए युवक का मोबाइल हैक कर उसके निजी फोटो हासिल कर लिए और उन्हें कॉन्टैक्ट लिस्ट में भेजने की धमकी देकर महज छह दिनों में 2 लाख 95 हजार 200 रुपए ऐंठ लिए।शहर की मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस छानबीन कर रही है।लालगढ़ स्थित रामपुरा बस्ती निवासी युवक ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।रिपोर्ट में बताया कि 1 नवंबर को उसने लोन लेने के उद्देश्य से अपने मोबाइल फोन में रुपी क्रेडिट नाम का एक एप्लिकेशन डाउनलोड किया था। ऐप इंस्टॉल करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।इसके बाद साइबर ठगों ने फोन के अंदर मौजूद पीडि़त की प्राइवेट तस्वीरों का एक्सेस हासिल कर लिया।ठगों ने इन तस्वीरों को वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।युवक ठगों के झांसे में आ गया। आरोपियों ने 2 से 7 नवंबर के बीच अलग-अलग 9 किस्तों में कुल 2,95,200 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।इसकी जीरो नवंरी एफआईआर 8 नवंबर को साइबर पुलिस थाने में प्राप्त हुई। तथ्यों की पूर्ति के बाद 13 नवंबर की रात मुक्ताप्रसाद नगर थाने में परिवादी की लिखित रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई हीरासिंह को सौंपी गई है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं