मुख्य सामग्री पर जाएँ
ई-पेपर
ब्रेकिंग
बारिश के बाद भी नहीं थमा खेलों का जुनून,संडे स्पोर्ट्स लैब में जुटे 70 बच्चे भक्त बिना भगवान अधूरे हैं हनुमान बाबा महाराज करीब दस हजार लोगों की सहभागिता के साथ 'बीकाणा मुद्रा महोत्सव का भव्य समापन डिजिटल पत्रकारिता की विश्वसनीयता और पत्रकार हितों को मजबूती देगा एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज पोर्टल्स लामिश ने बढ़ाया बीकानेर का मान

राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं पर जनगणना का संकट

Khaosa
A
4 मिनट पढ़ने में 0 शेयर
राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं पर जनगणना का संकट



तहलका न्यूज,बीकानेर।राजस्थान में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं पर जनगणना का असर पड़ सकता है।माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 16 फरवरी 2027 से परीक्षाएं शुरू करने की घोषणा की है,लेकिन इसी दौरान प्रदेशभर में जनगणना का काम चलेगा।बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगने से परीक्षा केंद्रों पर स्टाफ की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।ऐसे में बोर्ड के सामने परीक्षाएं तय तारीख पर कराने या जनगणना पूरी होने  के बाद आयोजित करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी जनगणना
केंद्र सरकार ने जनगणना के दूसरे चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है।इसके अनुसार 10 से 24 जनवरी 2027 तक लोग ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे।इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण का काम होगा।इस दौरान छूटी हुई जानकारी को पूरा किया जाएगा।जनगणना के लिए बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनमें शिक्षक भी शामिल होंगे।जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें एक साथ आने से दोनों कामों के संचालन में परेशानी हो सकती  है।

पिछले साल फरवरी से मार्च तक हुई थीं परीक्षाएं
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू कराई थीं।दसवीं की परीक्षाएं 28 फरवरी को समाप्त हुईं,जबकि 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चली थीं।वर्ष 2027 के लिए बोर्ड ने 16 फरवरी से परीक्षा शुरू करने की घोषणा की है।इस बार परीक्षा का समय भी सुबह 8:30 बजे से बदलकर 10:30 बजे किया गया है।हालांकि अभी विषयवार विस्तृत टाइम टेबल जारी नहीं हुआ है।जनगणना की निर्धारित तारीखों के अनुसार 16 से 28 फरवरी तक दोनों कार्यक्रम एक साथ चलेंगे।ऐसे में परीक्षा की तारीखों में बदलाव की संभावना सामने आई है। फिलहाल बोर्ड की ओर से नई तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पहले चुनाव,अब जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों पर इस साल पढ़ाई के साथ दूसरे सरकारी कामों की जिम्मेदारी भी रही है।मई-जून में जनगणना  के पहले चरण में शिक्षकों की सेवाएं ली गईं।इसके बाद अक्टूबर और नवंबर में पंचायत चुनावों के दौरान भी शिक्षकों को चुनावी प्रशिक्षण और मतदान संबंधी जिम्मेदारियां निभानी पड़ीं।अब जनवरी से जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी शुरू होगी।जनगणना में नियुक्त शिक्षकों को  प्रशिक्षण देने के बाद घर-घर जाकर जानकारी जुटाने का काम करना होगा।इसका असर स्कूलों में नियमित पढ़ाई और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर पडऩे की आशंका है।खासकर उन स्कूलों में परेशानी बढ़ सकती है, जहां पहले से शिक्षकों की कमी है। हालांकि कितने शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगेगी और कितने परीक्षा कार्य के लिए उपलब्ध रहेंगे,इसकी अंंतिम स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

बोर्ड परीक्षाओं के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की जरूरत
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष,वीक्षक और अन्य कर्मचारियों की जरूरत होती है।इसके अलावा  प्रश्नपत्रों की सुरक्षा,परीक्षा की निगरानी और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी शिक्षकों की भूमिका रहती है।यदि बड़ी संख्या में शिक्षक जनगणना में व्यस्त रहेंगे तो परीक्षा केंद्रों पर कर्मचारियों की व्यवस्था करना मुश्किल हो सकता है। वहीं,परीक्षाएं आगे बढऩे से परिणाम जारी करने और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है।

अब सरकार के फैसले पर टिकी परीक्षा की तारीखें
बोर्ड और शिक्षा विभाग के स्तर पर जनगणना तथा परीक्षा कार्यक्रम को लेकर विचार-विमर्श की जानकारी सामने आई है।जनगणना पूरी होने के बाद परीक्षाएं आयोजित करना भी एक विकल्प है।हालांकि अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।फिलहाल 16 फरवरी से परीक्षाएं शुरू करने की  पहले घोषित तारीख ही सामने है।अब शिक्षा विभाग और बोर्ड को तय करना होगा कि जनगणना में लगे शिक्षकों के स्थान पर दूसरे कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए या परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जाए।अब शिक्षा विभाग और राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को जनगणना में लगे शिक्षकों और परीक्षा केंद्रों की जरूरतों के बीच तालमेल बैठाना होगा।आने वाले समय में बोर्ड की ओर से परीक्षा कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा सकती है। विद्यार्थियों को आधिकारिक टाइम टेबल और आदेश का इंतजार करना होगा।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं

इस खबर को शेयर करें: