सीएमएचओ कार्यालय बना 'डेपुटेशन माफिया' का अड्डा
चिकित्सा मंत्री की खुली अवमानना,अंदरूनी भेदियों ने खोली पोल
तहलका न्यूज,बीकानेर।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में प्रदेश के चिकित्सा मंत्री और निदेशालय के सख्त फरमानों को बीकानेर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय ने रद्दी की टोकरी में फेंक दिया है।मंत्री की सीधी रोक के बावजूद जिला स्तर पर नियमों की सरेआम कब्र खोदी जा रही है और गुपचुप तरीके से मनचाहे कार्मिकों को डेपुटेशन की रेवडिय़ां बांटी जा रही हैं।हैरानी की बात यह है कि इस पूरे काले खेल की पोल खुद सीएमएचओ कार्यालय के ही असंतुष्ट कर्मचारियों ने गुपचुप तरीके से दस्तावेज बाहर निकालकर खोल दी है।
मंत्री के आदेशों को ठेंगा दिखाने का सुनियोजित खेल
चिकित्सा मंत्री कार्यालय की अ.शा.टीप (दिनांक 22 मार्च 2024) के जरिए सख्त चेतावनी दी गई थी कि बिना मंत्री की पूर्व अनुमति के किसी भी अराजपत्रित कार्मिक का प्रतिनियुक्ति या कार्यव्यवस्था आदेश जारी करना सीधे तौर पर अनुशासनहीनता होगी। इसके बाद 4 जून 2026 को निदेशालय ने भी कड़ा परिपत्र जारी कर बिना सक्षम स्वीकृति के हो रहे डेपुटेशन को "सरकारी निर्देशों की खुली अवहेलना" करार देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी थी।नाम गुप्त रखने की शर्त पर सनसनीखेज खुलासा किया है कि निदेशालय की चेतावनी की स्याही सूखने से पहले ही सीएमएचओ स्तर से बेखौफ होकर एक के बाद एक अवैध डेपुटेशन आदेशों की झड़ी लगा दी गई:
* 30 जून 2026: आदेश क्रमांक 9196 के तहत जसरासर से नापासर कार्यव्यवस्था की गई।
* 17 जुलाई 2026: आदेश क्रमांक 9545 के जरिए देशनोक सीएचसी से एक प्रयोगशाला सहायक को जिला क्षय निवारण केन्द्र (टीबी क्लीनिक), बीकानेर में बैठा दिया गया।
* 19 अगस्त 2026: आदेश क्रमांक 10224 निकालकर ग्रामीण संस्थानों से प्रयोगशाला सहायकों को बीकानेर शहरी क्षेत्र में उपकृत कर दिया गया।
सीएमएचओ कंट्रोल रूम बना 'आरामगाह', ग्रामीण अस्पताल बदहाल
कार्यालय के भीतर से लीक हुई जानकारी के अनुसार,यह धंधा यहीं नहीं थमा है।स्वयं सीएमएचओ कार्यालय के कंट्रोल रूम में भी तय मापदंडों को ताक पर रखकर जरूरत से कहीं ज्यादा कार्मिक डेपुटेशन के नाम पर ठूंसे गए हैं,जो वहां बैठकर सिर्फ समय काट रहे हैं।दूसरी तरफ,नोखा ब्लॉक सहित ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में पदस्थ तीन से अधिक प्रयोगशाला सहायक अपने मूल मुख्यालय जाने के बजाय अवैध डेपुटेशन की आड़ में बीकानेर शहर में डेरा डाले बैठे हैं।
राजकोष पर डाका और भत्तों की खुली लूट
विभागीय गलियारों में चर्चा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं का गला घोंटकर इन कार्मिकों को बीकानेर मुख्यालय में इसलिए समायोजित किया गया है ताकि वे शहरी दर से भारी-भरकम मकान किराया भत्ता (एचआरए) और अन्य सरकारी सुविधाओं की मोटी मलाई खा सकें।कागजों में पदस्थापन गांवों का दिखाकर शहर में मलाई काटने के इस खेल से राज्य के राजकोष को सीधा चूना लगाया जा रहा है।अब कार्यालय के ही भीतर से लीक हुए इन आदेशों के पुख्ता सबूत सीधे निदेशालय और चिकित्सा मंत्री की मेज पर भेजने की तैयारी है,जिससे भ्रष्ट तंत्र की नींव हिलना तय माना जा रहा है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं