मुख्य सामग्री पर जाएँ
ई-पेपर
ब्रेकिंग

आंगन में सजी थीं शादी की चंवरी,वहीं से अंतिम विदाई

A
3 मिनट पढ़ने में 0 शेयर
आंगन में सजी थीं शादी की चंवरी,वहीं से अंतिम विदाई

 


तहलका न्यूज,बीकानेर।एक तरफ घर की दो बेटियों की शादी की खुशियां थीं। पूरा मोहल्ला रोशनी से जगमगा रहा था।घरों के बाहर मेहमानों का स्वागत हो रहा था। खुले चौक में बारातें पहुंचीं,दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे और करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने साथ बैठकर भोजन किया।हर तरफ हंसी खुशी का माहौल था।लेकिन अलसुबह खुशी का माहौल मातम में बदल गया।यह खबर जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुएं की। गुरुवार को पेशे से पत्रकार दिनेश जोशी की दो बेटियां निकिता और अंकिता की शादी थी। इस बार सजावट भी सामान्य से ज्यादा की गई थी।दिनेश पांच भाइयों में सबसे छोटा है और मोहल्ले में अपने हमउम्र लोगों में भी सबसे छोटा होने के कारण उसकी बेटियों के प्रति सभी का विशेष स्नेह था।यही वजह रही कि फूलबाई कुएं और आसपास के बीस से अधिक घर रोशनी से जगमगा उठे।
एक के बाद एक पहुंचीं दो बारातें
गुरुवार रात एक के बाद एक दो बारातें मोहल्ले के चौक में पहुंचीं।दोनों बारातों का जोरदार स्वागत किया गया।खुले चौक में स्टेज सजाया गया,जहां दूल्हा और दुल्हन साथ बैठे।करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने इसी चौक में हंसी-खुशी भोजन किया।दिनेश के घर के अंदर खुले आंगन में  भी दो चंवरी सजाई गई थीं।घर के सदस्य राजस्थानी साफा पहनकर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे।शादी की सभी रस्में सामान्य तरीके से चल  रही थीं।इसी बीच अचानक दिनेश के घर में हलचल हुई।कुछ महीनों से बीमार चल रही उनकी भाभी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।मोहल्ले के जो लोग कुछ देर पहले तक स्टोर में रसोई और भोजन की व्यवस्था संभाल रहे थे,वे तुरंत घर पहुंचे।भाभी को चुपचाप अस्पताल ले जाया गया।परिवार के अधिकांश सदस्यों और शादी में आए मेहमानों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।शादी का कार्यक्रम चलता रहा।बाहर बारातियों का स्वागत और मेहमानों की आवभगत जारी रही।लेकिन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग खत्म हो चुकी थी।रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दिनेश की भाभी ने दम तोड़ दिया।उनका शव रातभर पीबीएम अस्पताल में रखा गया और बाद में एंबुलेंस में रखा गया।परिवार के कुछ लोगों ने यह दुख अपने तक सीमित रखा,ताकि बेटियों की शादी और विदाई में कोई व्यवधान न आए।
बेटियों की विदाई के बाद खुला दुख का राज
सुबह तक शादी का कार्यक्रम चलता रहा।दोनों बेटियां अपने नए घर के लिए विदा हो गईं।इसके बाद परिवार के लोगों को बताया गया कि रात में भाभी की मौत हो चुकी थी। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक मंगल गीत और शादी की रस्में चल रही थीं,वहां अब मातम पसर गया।शुक्रवार  सुबह भी मोहल्ले के घरों पर शादी के लिए की गई लाइटिंग सजी हुई थी।रातभर रोशनी से जगमगाने वाले चौक में अब सन्नाटा था।जिस आंगन में रात को बेटियों की शादी के लिए दो चंवरियां सजाई गई थीं,उसी आंगन में सुबह भाभी के अंतिम संस्कार की तैयारी होने लगी।
सुबह गम में भी साथ रहा मोहल्ला
पूरा मोहल्ला,जो रात को शादी की खुशियों में परिवार के साथ खड़ा था,सुबह उसी परिवार के दुख में भी साथ नजर आया।रात को जिन घरों में  रोशनी थी,वहां सुबह शोक की खामोशी थी।दिनेश के पांच भाइयों में सबसे छोटे होने के कारण उनकी बेटियों की शादी को लेकर पूरे मोहल्ले में खास उत्साह था।दोनों बेटियां विदा हो चुकी थीं,लेकिन परिवार के लिए यह रात ऐसी याद छोड़ गई,जिसमें एक तरफ बेटियों के नए जीवन की  शुरुआत थी तो दूसरी तरफ परिवार के एक सदस्य को हमेशा के लिए खोने का दुख।एक ही आंगन ने कुछ घंटों के अंतराल में शादी की खुशियां  भी देखीं और अंतिम विदाई की तैयारी भी।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं

इस खबर को शेयर करें: