घाटे से परेशान व्यापारी का शव मिला नहर ,लापता युवती भी मिली कुंड में
तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के दो अलग अलग थाना इलाके में एक अधेड़ व एक किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।जोधपुर लिफ्ट नहर की 35 आरडी के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र के मनजीतिया निवासी ओमप्रकाश (50) पुत्र कन्हैयालाल ब्राह्मण के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश ग्वार की खरीद-फरोख्त का काम करता था तथा इस वर्ष ग्वार के व्यापार में घाटा होने के कारण मानसिक तनाव में था।मृतक के भाई श्यामलाल पुत्र क न्हैयालाल ने बज्जू पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उनके बड़े भाई ओमप्रकाश 21 नवंबर 2026 को सुबह घर से बिना बताए निकल गए थे।काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।इस दौरान परिजन और परिचित उनकी जानकारी जुटाने में लगे रहे।रिपोर्ट के अनुसार,22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे जोधपुर लिफ्ट नहर की 35 आरडी के पास ओमप्रकाश मृत अवस्था में मिला।नहर में पानी में डूबने से उसकी मौत होने की बात रिपोर्ट में बताई गई है।सूचना मिलने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।परिवादी श्यामलाल ने पुलिस को बताया कि इस वर्ष ग्वार के व्यापार में घाटा होने के कारण ओमप्रकाश परेशान रहते थे।हालांकि उन्होंने अपनी रिपोर्ट में किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है।उन्होंने पुलिस से पूरे मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।प्रथम दृष्ट्या पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से लापता किशोरी का कुंड में मिला शव
जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में खारी चारणान गांव में 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के पास स्थित पानी के कुंड में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुंड से बाहर निकलवाया।इसके बाद किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर ले जाया गया,जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस के अनुसार,मृतका के भाई अनिल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन मनीषा घर से लापता थी। परिजनों ने तलाश की तो वह घर के पास चाचा के घर स्थित पानी के कुंड में मिली।रिपोर्ट में बताया गया है कि मनीषा पिछले एक-दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीडि़त थी और पीबीएम अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं